दिल्ली की मुख्यमंत्री सुश्री रेखा गुप्ता ने 25 मार्च, 2025 को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य का बजट पेश किया।

बजट के मुख्य अंश

  • 2025-26 में व्यय (ऋण चुकौती को छोड़कर) 95,358 करोड़ रुपए होने का अनुमान है जो 2024-25 के संशोधित अनुमानों से 48% अधिक है। इसके अतिरिक्त राज्य द्वारा 4,642 करोड़ रुपए का ऋण चुकाया जाएगा।

  • 2025-26 के लिए प्राप्तियां (उधारियों को छोड़कर) 81,655 करोड़ रुपए होने का अनुमान है जो 2024-25 के संशोधित अनुमानों की तुलना में 29% अधिक है।

  • 2025-26 में राजस्व अधिशेष 9,661 करोड़ रुपए होने का अनुमान है जो 2024-25 के संशोधित अनुमानों (8,314 करोड़ रुपए) से 16% अधिक है।

  • 2025-26 के लिए राजकोषीय घाटा 13,703 करोड़ रुपए अनुमानित है जो 2024-25 के संशोधित अनुमान (1,524 करोड़ रुपए) से 799% अधिक है। 2022-23 में दिल्ली ने राजकोषीय अधिशेष (जीएसडीपी का 0.4%) दर्ज किया था।

नीतिगत विशिष्टताएं

  • महिलाओं को नकद अंतरण: दिल्ली की गरीब महिलाओं को 2,500 रुपए प्रति माह की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए महिला समृद्धि योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

  • स्वास्थ्य बीमा: राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी। योजना के बीमा घटक के तहत, लाभार्थियों को मौजूदा कवरेज के अलावा पांच लाख रुपए का अतिरिक्त कवरेज मिलेगा। आयुष्मान भारत के लिए 2,144 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

  • व्यापारी: व्यापारियों की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने के लिए एक व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी।

  • सामाजिक सुरक्षा में वृद्धि: संकटग्रस्त महिलाओं और विकलांग व्यक्तियों को वित्तीय सहायता 2,500 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए प्रति माह की जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली सहायता में भी वृद्धि की जाएगी।

  • यमुना नदी की सफाई: यमुना नदी की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपए की कुल लागत से 40 विकेंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स स्थापित किए जाएंगे। परिचालन क्षमता में सुधार के लिए मौजूदा ट्रीटमेंट प्लांट्स को भी अपग्रेड किया जाएगा।

  • स्कूली शिक्षा: कक्षा 9 से 12 तक के 7,000 क्लासरूम में स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे। इनमें प्रोजेक्टर, ऑडियो-विजुअल एड्स और इंटरनेट कनेक्टिविटी होगी। इसके अलावा, पीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर 60 सीएम श्री स्कूल स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

और पढ़ें